BHILAI में नए सखी सेंटर के शुभारंभ मौके पर वैशाली नगर से बीजेपी एमएलए रिकेश सेन बोले ये संस्था हर पीड़ित महिला के लिए सुरक्षा कवच का काम करेगी

दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में भिलाई नगर में आज ‘अतिरिक्त सखी वन स्टॉप सेंटर' का भव्य शुभारंभ वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के द्वारा करते हुए कहा गया कि यह सेंटर सातों दिन 24 सो घंटे खुला रहेगा जो भिलाई-दुर्ग क्षेत्र की महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच का कार्य करेगा। अब किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, यौन हिंसा या अन्य किसी भी संकट से पीड़ित महिला को भटकना नहीं पड़ेगा। समारोह में अवगत कराया गया कि ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ हिंसा से पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के नीचे पुलिस सहायता, कानूनी सलाह, चिकित्सा सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श एवं 5 दिन तक का अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराने हेतु स्थापित किया गया है। यहां हेल्पलाइन नंबर 181 से संपर्क कर सकते हैं। सखी वन स्टॉप सेंटर, स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल परिसर फरीद नगर थाना सुपेला भिलाई, जिला-दुर्ग में पीड़ित महिला को 24x7 निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री आर के जांबुलकर, परियोजना अधिकारी श्रीमती अनीता सिंग, भिलाई की केंद्र प्रशासक श्रीमती कविता बघेल, दुर्ग की केंद्र प्रशासक श्रीमति अवंती साहू, चाईल्ड लाइन के परियोजना समन्वयक श्री चंद्रप्रकाश पटेल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं पुलिस विभाग, सखी सेंटर के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे तथा शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि आस-पास कोई महिला संकट में हो तो तुरंत सखी सेंटर या हेल्पलाइन 181 पर सूचना दें। एक कॉल किसी की जिंदगी बचा सकती है। ::000::

1 / 1

1.