Bhilai: RSS का भगवा ध्वज उखाड़ फेंका CRPF ने

CRPF के जवानों पर आरोप: 15 वर्षों से लग रही आरएसएस शाखा के दंड को उखाड़ा; ईसाई समाज के कब्जे पर चुप्पी और राष्ट्रभक्तों की प्रार्थना पर आपत्ति को लेकर उठे गंभीर सवाल भिलाई (छत्तीसगढ़): स्टील कॉलोनी स्थित शहीद कौशल यादव पेट्रोल पंप के पास पिछले 12 से 15 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शाखा के स्थल पर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के दो जवानों ने शाखा स्थल पर स्थापित भगवा ध्वज और दंड को बिना किसी पूर्व सूचना या बातचीत के उखाड़ फेंका। इस घटना के बाद से स्थानीय स्वयंसेवकों और क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। 15 वर्षों की साधना और परिश्रम से तैयार हुआ था मैदान स्थानीय स्वयंसेवकों के अनुसार, शहीद कौशल यादव पेट्रोल पंप के पास स्थित यह जमीन वर्षों से खाली और ऊबड़-खाबड़ पड़ी हुई थी, जहाँ कोई अन्य गतिविधि नहीं होती थी। संघ के स्वयंसेवकों ने अपने निजी प्रयासों और श्रमदान से इस भूमि को समतल कर एक व्यवस्थित मैदान का रूप दिया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए यहाँ व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण भी किया गया था। पिछले डेढ़ दशक से यहाँ प्रतिदिन सुबह एक घंटे स्वयंसेवक योग, प्राणायाम, खेलकूद, राष्ट्र-वंदना और प्रार्थना के लिए एकत्र होते हैं। बिना पूछे उखाड़ा भगवा ध्वज, विरोध करने पर की बहस प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह की शाखा के दौरान CRPF के दो जवान अचानक मौके पर पहुँचे। उनमें से एक जवान ने ध्वज लगे हुए दंड को उखाड़ दिया। जब उपस्थित स्वयंसेवकों ने इस अनाधिकृत और अपमानजनक व्यवहार का विरोध किया, तो जवानों ने उनके साथ तीखी बहस शुरू कर दी। जवानों का तर्क था कि यह जमीन CRPF को आवंटित है और यहाँ शाखा लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। दोहरे रवैये पर उठे गंभीर सवाल घटना के बाद से क्षेत्र में यह मुद्दा चर्चा और आक्रोश का केंद्र बन गया है। स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकार द्वारा CRPF को आवंटित जमीन के एक बहुत बड़े भूभाग पर ईसाई समाज द्वारा अवैध रूप से कब्जा करके कब्रिस्तान का निर्माण कर लिया गया है, जिस पर आज तक प्रशासन या जवानों द्वारा कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई। इसके विपरीत, जो जमीन वर्षों से लावारिस पड़ी थी और जहाँ स्वयंसेवक मात्र एक घंटे की राष्ट्रभक्ति, शारीरिक अभ्यास और सामाजिक गतिविधियों के लिए एकत्र होते हैं, वहाँ इस प्रकार का बलप्रयोग और भगवा ध्वज का अपमान समझ से परे है। स्वयंसेवकों ने इस घटना को वैचारिक द्वेष से प्रेरित करार दिया है। स्वयंसेवकों में भारी नाराजगी, उच्च स्तरीय शिकायत की तैयारी भगवा ध्वज और संघ प्रार्थना के इस अपमान से आहत स्वयंसेवकों ने घटना पर गहरा दुख और रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से संचालित होने वाली शाखा पर इस तरह का दुर्व्यवहार कतई बर्दाश्त योग्य नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों द्वारा इसकी शिकायत CRPF के उच्च अधिकारियों और शासन-प्रशासन से करने की तैयारी की जा रही है, ताकि दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

1 / 1

1.