दुर्ग:CM साय बोले सुशासन तिहार केवल सरकारी योजनाओं की समीक्षा नहीं वरन जनता की समस्याओं का समाधान करना है

दुर्ग को मिली नई कम्पोजिट बिल्डिंग अत्याधुनिक तकनीकों से लैस होगी जिसमें सभी विभागों के कार्यालय एक ही जगह में होंगे इससे जिला केंद्र आने वाले आवेदकों को भटकना नहीं पड़ेगा दुर्ग। सुशासन तिहार के अवसर पर आज दुर्ग जिले के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण दिन रहा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग के लिए नवीन कम्पोजिट जिला कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा कर जिलेवासियों को एक बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सरल, सुगम और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक अधोसंरचना का निर्माण आवश्यक है। इसी उद्देश्य से दुर्ग में नए कम्पोजिट जिला मुख्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा, जहां विभिन्न विभागों के कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल योजनाओं की समीक्षा का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं को समझकर उनके समाधान तक पहुंचने का अभियान है। सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और विकास को जनभागीदारी से जोड़ना है। इस अवसर पर प्रदेश के शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधी विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री का दुर्गवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा दुर्ग को नए कम्पोजिट जिला मुख्यालय भवन की सौगात देना जिले के विकास इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि लगभग 120 वर्ष पुराने जिला प्रशासनिक भवन की जगह अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया कम्पोजिट भवन निर्मित होगा, जिससे नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय सेवाएं प्राप्त होंगी। इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, गति और सुगमता आएगी तथा आमजन को बार-बार अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि यह भवन आने वाले वर्षों में सुगम प्रशासन, बेहतर जनसेवा और आधुनिक शासन व्यवस्था का केंद्र बनेगा तथा दुर्ग को नई प्रशासनिक पहचान प्रदान करेगा।

1 / 1

1.